Edinbox Hindi

कोटा में छात्रा ने बिल्डिंग से कूदकर दी जान, नीट में कम अंक आने से डिप्रेशन में थी

राजस्थान के कोटा (Kota) में आत्महत्या का सिलसिला थम नहीं रहा। यहां एक और नीट की छात्रा की आत्महत्या की ख़बरें सामने आयी हैं। नीट रिजल्ट (NEET UG 2024 Result) के बाद परीक्षा में कम अंक आने से डिप्रेशन में गई छात्रा ने बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मामला बुधवार शाम करीब 4 बजे का है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। 

पुलिस के मुताबिक मृतक छात्रा की पहचान बागिशा तिवारी के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के रीवा की रहने वाली थी और कोटा में एक साल से नीट की तैयारी कर रही थी। छात्रा एक निजी कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर रही थी। वह अपनी मां और भाई के साथ जवाहर नगर इलाके में एक बहुमंजिला पुखराज एलिमेंट बिल्डिंग की 5वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रही थी। उसका भाई 11वीं में पढ़ता है और वो भी जेईई की तैयारी कर रहा है। घटना के समय छात्रा की मां अपने कमरे में सो रही थी।

बताया जा रहा है कि छात्रा का एक दिन पहले ही नीट का रिजल्ट आया था और परीक्षा में कम अंक आने से वो डिप्रेशन में थी। बुधवार दोपहर उसकी मां कमरे में सो रही थी, इसी दौरान छात्रा अपने कमरे से बाहर आई और खिड़की से नीचे कूद गई। घटना के तुरंत बाद ही छात्रा को निजी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed