Edinbox Hindi

फ्रांस सरकार ने स्कूलों में स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर लगाया प्रतिबन्ध, बच्चों की सेहत को लेकर किया फैसला

स्मार्ट डिवाइसेज या मोबाइल फोन का इस्तेमाल आम बात हो गई है। स्मार्टफोन, जो कभी लक्जरी आइटम था, अब आम जीवन में सभी लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। स्मार्टफोन ने हमारी जिंदगी को कुछ हद तक आसान और सुविधाजनक बना दिया है, वहीं इसके ज्यादा इस्तेमाल से नकारात्मक प्रभाव भी सामने आ रहे हैं। स्मार्टफोन का इस्तेमाल लोगों की सेहत पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। 

युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी इस तकनीक की ओर आकर्षित हैं और स्मार्टफोन का बढ़ता इस्तेमाल स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे रहा है। लंबे समय तक स्क्रीन पर नजरें गड़ाए रखने से आंखों की समस्याएं और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहे हैं। इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए अब फ्रांस की सरकार ने अहम कदम उठाया है।

फ्रांस सरकार ने बच्चों में स्मार्टफोन के इस्तेमाल को कम करने के लिए नई नीति लागू करने की योजना बनाई है। इस नीति के तहत बच्चों को स्मार्टफोन के इस्तेमाल के समय को सीमित करने और इसके नकारात्मक प्रभावों को कम करने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि इसके इस्तेमाल को नियंत्रित करके बच्चों की सेहत और उनके समग्र विकास को बचाया जा सके।
 
नए नियम के मुताबिक 15 साल या उससे कम उम्र के बच्चों को स्कूलों में स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं होगी। इस कदम से बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्मार्टफोन के नकारात्मक प्रभावों से बच्चों को बचाया जा सकेगा। यह बैन स्कूल के समय और गतिविधियों पर लागू होगा, जिसमें कक्षाओं, खेलकूद और अन्य अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियां शामिल हैं। इस दौरान छात्रों को स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं होगी, जिससे कि उनकी पढ़ाई और सामाजिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया जा सके। 

यदि किसी छात्र को चिकित्सा या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से स्मार्टफोन की जरुरत है, तो उसे मेडिकल डिवाइसेज के रूप में इस्तेमाल कर सकता है। मेडिकल या हेल्थ कंडीशन्स के आधार पर स्मार्टफोन के इस्तेमाल की इजाजत मिलने के लिए, संबंधित स्कूल या संस्थान को यह तय करना होगा कि किन परिस्थितियों में और किन स्थानों पर स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए संस्थानों को विशेष प्रोटोकॉल और अनुमतियां तय करनी होंगी, जो इस बात की पुष्टि करेंगी कि स्मार्टफोन का इस्तेमाल उचित और जरुरी है। फ्रांस सरकार का यह नया बैन स्मार्टफोन के स्कूलों में इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए एक अहम और अच्छा कदम है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed