Edinbox Hindi

छात्रों के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं शैक्षणिक यात्राएं ? 

एक समय था जब कोई व्यक्ति अपनी सारी ज़िन्दगी वहीँ गुज़ार दिया करता था, जहाँ उसका जन्म हुआ हो। वहीँ से उसके जीवन का सफर शुरू होता था और वहीँ इसका अवसान। वहीं पढ़ाई, वहीं रोज़गार, वहीँ शादी-ब्याह और वहीं जीवन सफर का अंत। लेकिन वक़्त के साथ चीज़ें बदलती गईं। शिक्षा जगत भी इससे अछूता नहीं रहा। अब अधिकाँश स्कूलों में छात्रों को शैक्षणिक टूर पर ले जाना एक आम सी बात हो गयी है। हां, इसका दायरा और दूरी ज़रूर अलग है। कहीं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण पर ले जाया जाता है, तो कहीं छात्रों को दूर दराज़ के इलाकों में। विदेश तक की यात्राओं पर छात्रों को ले जाने का चलन भी पिछले वर्षों में बढ़ते देखा गया है। 

दरअसल, छात्र जीवन में यात्राओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। यात्रा अवचेतन मन को सीखने का अवसर प्रदान करती है। यात्रा का हर पहलू बच्चों को नये कौशल सिखाता है, जिन्हें वे सामान्य स्कूली दिनचर्या में हासिल करने और अभ्यास करने में असमर्थ होते हैं। शायद इसे समझते हुए अब शैक्षणिक यात्राओं को पाठ्यक्रम के साथ एक आवश्यक संधान के रूप में स्वीकार कर लिया गया है। जाहिर है, किताबी ज्ञान से इतर शैक्षणिक यात्राएं विद्यार्थियों को विशेष अनुभव प्रदान करती हैं। यह छात्रों को अनुकूल अवसर प्रदान करती है, उनकी अनुसंधान क्षमता को बढ़ाती है और उन्हें विविधता की समझ प्राप्त करने में मदद करती है। इसके अलावा, यह छात्रों को सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करती है और उनके स्वतंत्रता, संवाद कौशल, और सामर्थ्य को विकसित करती है। कह सकते हैं कि यात्रा न केवल शिक्षा के लिए बल्कि चरित्र निर्माण के लिए भी महत्वपूर्ण है। छात्रों को यह सही अर्थों में ‘वैश्विक नागरिक’ बनने का अवसर उपलब्ध कराती है। बच्चों और युवाओ को शिक्षित करने में यात्रा के लाभ पर एक नज़र डालते हैं:

जिम्मेदारी का भाव 
भले ही शैक्षणिक यात्राएं काफी व्यवस्थित होती हैं, किसी शिक्षक की निगरानी में ही बच्चे इन यात्राओं पर जाते हैं लेकिन यात्रा के दौरान एक जिम्मेदारी का भाव भी बच्चों में होता है। यह ऐसा अनुभव होता है जहां बच्चे अनेक कौशल सीख सकते हैं, जैसे समय का ध्यान रखना, सड़क पर सुरक्षा, संगठन का नेतृत्व आदि। इससे वास्तविक जीवन की हर परिस्थितियों में छात्रों का व्यवहार जिम्मेदार बनता है।

विभिन्न संस्कृतियों का अनुभव 
स्कूल की रोज़मर्रा की दिनचर्या से विलग शैक्षणिक यात्रा छात्रों को व्यापक दुनिया से परिचित कराती है। शैक्षणिक यात्राएं छात्रों को विविध संस्कृतियों और परंपराओं से परिचित कराती हैं। इस अनुभव से छात्रों को भिन्न पृष्ठभूमि और अनुभव वाले लोगों के प्रति सहानुभूति और सहिष्णुता विकसित करने में मदद मिल सकती है। छात्रों को विभिन्न संस्कृतियों से परिचित कराने से उन्हें अलगाव के बजाय पूरी दुनिया का सम्मान करने और समझने का मौका मिलता है। विभिन्न संस्कृतियों का अनुभव करके, छात्र एक व्यापक विश्वदृष्टि विकसित कर सकते हैं, जो उस वैश्विक समाज में महत्वपूर्ण हो सकता है जिसमें हम रहते हैं। यह वास्तव में उन्हें ‘वैश्विक नागरिक’ बनाता है जो सीमाओं या परंपराओं से बंधे हुए महसूस नहीं करते, और इसलिए बाद के जीवन में वे ज़्यादा प्रगति करने में सक्षम होते हैं।

भाषा का ज्ञान 
हम सभी भाषा की महत्ता से परिचित हैं। यह सीखने के सबसे प्रभावी तरीकों में से एक है। बहुभाषी होना प्रेरणादायक हो सकता है, और छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित कर सकता है। जब आप किसी दूसरे इलाके या देश में जा रहे हों, तो भाषा की नई शब्दावली सीखने की ज़रूरत होती है। छात्र इन अनुभवों के माध्यम से स्वाभाविक रूप से भाषाओं को सीख सकते हैं। यह आगे उनके जीवन और करियर में भी योगदान देती है।  

मज़बूत रिश्ते बनाना
स्कूल की यात्रा के दौरान अलग अलग परिस्थितियों में छात्रों और शिक्षकों के बीच एक अलहदा बंधन कायम होता है। ये रिश्ते विश्वास बनाने और आत्मविश्वास को बढ़ाने में मददगार होते हैं। यात्रा के अनुभव लंबे समय तक साथ होते हैं और इसका हर पक्ष को लाभ मिलता है। यात्रा से लौटने के बाद भी बच्चे और शिक्षक स्कूल में उतने ही खुश होते हैं और रिश्तों की यह गर्माहट उन्हें अपने लक्ष्यों पर ज़्यादा दृढ रखती है।

शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार 
शैक्षणिक यात्राएं छात्रों को विषय-वस्तु की व्यापक समझ प्रदान करके शैक्षणिक प्रदर्शन को भी बढ़ा सकती हैं। उदाहरण के लिए, किसी ऐतिहासिक स्थल की यात्रा से छात्रों का इतिहास संबंधी ज्ञान गहरा हो सकता है तथा उन्हें विषय-वस्तु से जुड़ने में मदद मिल सकती है। इसके अतिरिक्त, शैक्षिक यात्राएं शिक्षकों को अधिक आकर्षक और अंतःक्रियात्मक ढंग से जानकारी प्रदान करने का अवसर प्रदान कर सकती हैं।

निष्कर्ष, शैक्षिक यात्राएं छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए सीखने के अनुभव को बढ़ाने का एक बेहतर जरिया है। ये यात्राएँ कई लाभ प्रदान करती हैं, जिनमें व्यावहारिक शिक्षा, विभिन्न संस्कृतियों से परिचय, सामाजिक कौशल में वृद्धि, आत्मविश्वास में वृद्धि, शैक्षणिक प्रदर्शन में वृद्धि, पाठ्यक्रम को समृद्ध करना और आजीवन यादें बनाना शामिल है। शिक्षा यात्रा मूल्यवान शिक्षण अनुभव प्रदान करता है जो छात्रों को दीर्घकाल में लाभान्वित कर सकता है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed