Edinbox Hindi

दुनिया देखेगी भारत की प्राकृतिक सुंदरता, भारत के 7 नए पर्यटन स्थल यूनेस्को की लिस्ट में शामिल

अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं तो यह खबर आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। भारत की प्राकृतिक धरोहर को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। यूनेस्को ने भारत के सात अद्भुत प्राकृतिक स्थलों को अपनी ‘टेंटेटिव लिस्ट ऑफ वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स’ में शामिल किया है। इस उपलब्धि के साथ भारत के कुल 69 स्थल इस संभावित सूची में दर्ज हो गए हैं।

यूनेस्को की प्रक्रिया में यह पहला और बेहद अहम कदम होता है। किसी भी जगह को आधिकारिक वर्ल्ड हेरिटेज साइट बनने से पहले टेंटेटिव लिस्ट में शामिल होना ज़रूरी होता है। इन सात नए स्थलों की खूबसूरती और विशिष्टता भविष्य में भारत के पर्यटन को और मजबूत करेगी।

भारत के सात नए स्थल यूनेस्को टेंटेटिव लिस्ट में
1. डेक्कन ट्रैप्स, पंचगनी और महाबलेश्वर (महाराष्ट्र)
लाखों साल पहले ज्वालामुखीय गतिविधियों से बने ये लावा प्रवाह क्षेत्र दुनिया में सबसे बेहतर संरक्षित माने जाते हैं। कोयना वाइल्डलाइफ सेंचुरी के अंतर्गत आने वाला यह इलाका ट्रैकिंग और नेचर लवर्स के लिए आदर्श डेस्टिनेशन है।

2. सेंट मेरीज़ आइलैंड क्लस्टर (कर्नाटक)
8.5 करोड़ साल पुरानी कॉलम्नर बेसाल्टिक चट्टानों वाला यह द्वीप समूह भूगर्भीय इतिहास की अनूठी झलक दिखाता है। माना जाता है कि ये चट्टानें तब बनीं जब भारत और मेडागास्कर अलग हुए थे।

3. मेघालय की गुफाएं (मेघालय)
माव्लूह गुफा सहित यहां की विशाल गुफा प्रणाली रोमांचक संरचनाओं से भरी हुई है। ये गुफाएं होलोसीन युग की हैं और जलवायु तथा भूगर्भीय बदलावों को समझने का महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती हैं।

4. नागा हिल ओफियोलाइट (नागालैंड)
दुर्लभ ओफियोलाइट चट्टानों से बने ये पहाड़ पृथ्वी की टेक्टोनिक प्रक्रियाओं की गवाही देते हैं। यह स्थान पर्वतारोहियों और भूविज्ञान प्रेमियों के लिए बेहद खास है।

5. एरा माट्टी डिब्बालु (आंध्र प्रदेश)
विशाखापट्टनम के पास स्थित लाल बालू के ये अद्वितीय टीले प्राचीन जलवायु और तटीय भू-आकृति का प्रमाण हैं। अपने रंग और प्राकृतिक सुंदरता के कारण यह जगह फोटोग्राफी के शौकीनों को खूब आकर्षित करती है।

6. तिरुमाला हिल्स (आंध्र प्रदेश)
तिरुपति मंदिर के लिए प्रसिद्ध ये पहाड़ियां जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता का खज़ाना हैं। अब यह तीर्थस्थल यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल होकर और भी खास बन गया है।

7. वर्कला क्लिफ्स (केरल)
समुद्र किनारे बसी वर्कला की चट्टानें अपने प्राकृतिक झरनों और अद्भुत भूगर्भीय संरचनाओं के लिए जानी जाती हैं। शांत वातावरण और समुद्री नज़ारों के कारण यह पर्यटकों को सुकून भरा अनुभव देती हैं।

इन सात स्थलों का चयन भारत के पर्यटन उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि है। आने वाले समय में ये जगहें न सिर्फ पर्यटकों को आकर्षित करेंगी बल्कि देश की प्राकृतिक धरोहर को विश्व मानचित्र पर और मजबूत पहचान भी दिलाएंगी।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed