
हर साल भारत से हजारों छात्र उच्च शिक्षा के लिए यूरोप का रुख करते हैं। यूरोप अपनी बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक विविधता, आधुनिक जीवनशैली और बहुभाषी वातावरण के कारण छात्रों के बीच लोकप्रिय है। यहां पढ़ाई के लिए जाने वाले ज्यादातर छात्र fully funded scholarship की तलाश में रहते हैं ताकि वे बिना आर्थिक बोझ के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। यदि आप भी यूरोप में पढ़ाई करने की योजना बना रहे हैं, तो यहां कुछ प्रमुख फुली फंडेड स्कॉलरशिप्स के बारे में जानकारी दी जा रही है, जिनके माध्यम से आप अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
एमील बोटमी स्कॉलरशिप
सबसे पहले बात करते हैं फ्रांस की एमील बोटमी स्कॉलरशिप की, जो साइंस पो यूनिवर्सिटी, पेरिस में बैचलर, मास्टर या PhD करने वाले छात्रों को दी जाती है। इस स्कॉलरशिप के तहत लगभग $21,044 यानी करीब 18 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलती है, जिसमें ट्यूशन फीस और रहने का खर्च शामिल होता है। यूनिवर्सिटी में आधे से ज्यादा छात्र विदेशी हैं, जो इसे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाते हैं।
एरास्मस+ स्कॉलरशिप
एरास्मस+ स्कॉलरशिप प्रोग्राम यूरोपीय संघ द्वारा संचालित एक प्रतिष्ठित योजना है, जिसमें उच्च शिक्षा संस्थानों की साझेदारी के माध्यम से पोस्टग्रेजुएट लेवल पर फुल स्कॉलरशिप दी जाती है। इस प्रोग्राम में चयन उन्हीं छात्रों का होता है जो सालाना सिलेक्शन राउंड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं।
स्विस गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कॉलरशिप
स्विस गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कॉलरशिप भी एक लोकप्रिय विकल्प है, जो दुनिया के 180 से अधिक देशों के छात्रों को मास्टर या PhD स्तर पर स्विट्जरलैंड में अध्ययन और रिसर्च के लिए पूरी तरह फंडेड स्कॉलरशिप प्रदान करती है। यह स्कॉलरशिप छात्रों के ट्यूशन, रहने और रिसर्च से जुड़े अन्य खर्चों को कवर करती है।
आयरलैंड सरकार की पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप
यदि आप आयरलैंड में पढ़ाई करना चाहते हैं, तो आयरलैंड सरकार की पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप आपके लिए सर्वोत्तम विकल्प हो सकती है। इस स्कॉलरशिप के तहत स्टाइपेंड, ट्यूशन फीस और डायरेक्ट रिसर्च खर्चों के लिए $21,040 तक की सहायता मिलती है।
बेल्जियम गवर्नमेंट स्कॉलरशिप
बेल्जियम में पढ़ाई के इच्छुक छात्रों के लिए बेल्जियम गवर्नमेंट स्कॉलरशिप एक शानदार मौका है। ये स्कॉलरशिप फुल-टाइम मास्टर डिग्री और प्रोफेशनल ट्रेनिंग कोर्स के लिए दी जाती हैं। यहां छात्रों के पास बेल्जियन अमेरिकन एजुकेशन फाउंडेशन फेलोशिप और Science@Leuven स्कॉलरशिप जैसे विकल्प भी मौजूद हैं।
DAAD स्कॉलरशिप
DAAD स्कॉलरशिप, जर्मनी में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। यह स्कॉलरशिप जर्मन सरकार द्वारा फंडेड होती है और हर साल एक लाख से अधिक छात्रों को दी जाती है। यह न सिर्फ मास्टर डिग्री के लिए, बल्कि रिसर्च, भाषा अध्ययन और डॉक्टोरल लेवल की पढ़ाई के लिए भी फंडिंग प्रदान करती है।
एफिल एक्सीलेंस स्कॉलरशिप
फ्रांस में एक और प्रमुख स्कॉलरशिप है एफिल एक्सीलेंस स्कॉलरशिप, जिसे फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया था। यह साइंस एंड टेक्नोलॉजी और ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस जैसे विषयों के लिए दी जाती है। हालांकि यह ट्यूशन फीस कवर नहीं करती, लेकिन छात्रों को हर महीने $1,995 का स्टाइपेंड मिलता है।
पडुआ इंटरनेशनल एक्सीलेंस स्कॉलरशिप
इटली की पडुआ इंटरनेशनल एक्सीलेंस स्कॉलरशिप भी छात्रों के लिए आकर्षक विकल्प है। यह स्कॉलरशिप बैचलर या मास्टर डिग्री के इच्छुक छात्रों को दी जाती है और हर साल 43 छात्रों को चुना जाता है। स्कॉलरशिप में फीस माफ की जाती है और सालाना लगभग $8,870 का स्टाइपेंड दिया जाता है।
हेनरिक बोल फाउंडेशन स्कॉलरशिप
हेनरिक बोल फाउंडेशन स्कॉलरशिप जर्मनी में पढ़ाई करने वाले करीब 1,500 छात्रों को दी जाती है, जिसमें मास्टर छात्रों को हर महीने $1,228 और अन्य व्यक्तिगत भत्ते मिलते हैं। कुछ स्कॉलरशिप्स में हेल्थ इंश्योरेंस और ट्यूशन फीस भी शामिल होती है और इसे आवश्यकता अनुसार एक अतिरिक्त सेमेस्टर तक बढ़ाया जा सकता है।
फ्रेडरिक एबर्ट फाउंडेशन स्कॉलरशिप
अंत में, फ्रेडरिक एबर्ट फाउंडेशन स्कॉलरशिप की बात करें तो यह उन विदेशी छात्रों के लिए है जो डिप्लोमा, बैचलर या मास्टर डिग्री करना चाहते हैं। इसमें सभी विषयों के छात्र आवेदन कर सकते हैं और हर महीने $1,035 का स्टाइपेंड और हेल्थ इंश्योरेंस के लिए अलग फंडिंग दी जाती है। यह स्कॉलरशिप हर साल लगभग 40 छात्रों को दी जाती है।
इन स्कॉलरशिप्स के जरिए न केवल आपकी पढ़ाई का खर्च पूरी तरह से कवर होता है, बल्कि आपको यूरोप की विविधता भरी संस्कृति में सीखने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर भी मिलता है।




Add comment