Edinbox Hindi

जम्मू-कश्मीर की प्राइवेट यूनिवर्सिटी में स्थानीय युवाओं को 25% आरक्षण, दाखिले के साथ नौकरियों में भी मिलेगा लाभ

Jammu Kashmir Private Universities Rules 2026: जम्मू-कश्मीर सरकार ने प्राइवेट विश्वविद्यालयों की स्थापना और संचालन के लिए नए नियम अधिसूचित कर दिए हैं। जम्मू-कश्मीर प्राइवेट यूनिवर्सिटी रूल्स 2026 के तहत केंद्र शासित प्रदेश के डोमिसाइल (स्थायी निवासी प्रमाणपत्र रखने वाले) उम्मीदवारों को निजी विश्वविद्यालयों में दाखिले और नौकरियों में कम से कम 25 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। यह व्यवस्था शिक्षण और गैर-शिक्षण, दोनों तरह के पदों पर लागू होगी।

सरकार के इस फैसले का मकसद जम्मू-कश्मीर में उच्च शिक्षा के विकल्प बढ़ाने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करना है। नए नियमों में निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना की मंजूरी की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने, फीस और दाखिले पर निगरानी रखने तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के प्रावधान भी शामिल हैं।

हर कोर्स में 25 फीसदी सीटें स्थानीय छात्रों के लिए

नए नियमों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में स्थापित होने वाले प्रत्येक निजी विश्वविद्यालय को हर शैक्षणिक कार्यक्रम में अपनी स्वीकृत कुल प्रवेश क्षमता (Sanctioned Intake) की कम से कम 25 प्रतिशत सीटें जम्मू-कश्मीर के डोमिसाइल उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखनी होंगी।

इसका मतलब है कि आरक्षण केवल विश्वविद्यालय की कुल सीटों के आधार पर नहीं, बल्कि प्रत्येक कोर्स की स्वीकृत प्रवेश क्षमता के अनुसार लागू होगा। दाखिले में आरक्षण की व्यवस्था जम्मू-कश्मीर आरक्षण अधिनियम 2004 और आरक्षण नियम 2005 के तहत लागू प्रावधानों के अनुसार संचालित होगी। इसमें संबंधित श्रेणियों के लिए भी तय व्यवस्था का पालन करना होगा।

स्थानीय उम्मीदवारों को इसका लाभ तभी मिलेगा, जब वे निर्धारित पात्रता और चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे। वहीं, आरक्षित सीटें निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी खाली रह जाती हैं, तो उन्हें नियमों के अनुसार अन्य योग्य उम्मीदवारों से मेरिट के आधार पर भरा जा सकेगा।

शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती में भी मिलेगा आरक्षण

इस फैसले की एक अहम बात यह है कि स्थानीय युवाओं को केवल विश्वविद्यालयों में पढ़ाई का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि रोजगार में भी उनका हिस्सा सुनिश्चित किया जाएगा।

नियमों के अनुसार, निजी विश्वविद्यालयों को अपने स्वीकृत शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों में कम से कम 25 प्रतिशत पद जम्मू-कश्मीर के डोमिसाइल उम्मीदवारों से भरने होंगे। इसमें शिक्षक, प्रशासनिक कर्मचारी और विश्वविद्यालय के दूसरे गैर-शिक्षण पद शामिल हैं।

हालांकि, इन पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता और चयन संबंधी शर्तें पूरी करनी होंगी। निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी स्थानीय उम्मीदवारों के लिए तय पद खाली रहने पर उन्हें अन्य योग्य उम्मीदवारों से भरा जा सकेगा।

निजी विश्वविद्यालय खोलने की मंजूरी प्रक्रिया होगी आसान

जम्मू-कश्मीर सरकार ने नए नियमों में निजी विश्वविद्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया को भी समयबद्ध बनाने की कोशिश की है। इसके तहत विश्वविद्यालय खोलने के लिए मिलने वाले आवेदनों की शुरुआती जांच 30 दिनों के भीतर पूरी करने का प्रावधान है।

शुरुआती जांच के बाद आवेदन की विस्तृत समीक्षा विशेषज्ञ समिति करेगी। इसके बाद समिति की सिफारिश मिलने पर शिक्षा मंत्री को अगले 30 दिनों के भीतर निर्णय लेना होगा। इससे निजी विश्वविद्यालय खोलने की इच्छा रखने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों को मंजूरी की प्रक्रिया और समयसीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

सरकार को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से निजी क्षेत्र के निवेश को बढ़ावा मिलेगा और जम्मू-कश्मीर में उच्च शिक्षा के नए संस्थान स्थापित करने का रास्ता खुलेगा। विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, कानून, प्रबंधन और उदार कला जैसे विषयों में नए पाठ्यक्रम और संस्थान विकसित होने की संभावना है।

10 फीसदी छात्रों को देनी होगी मेरिट और आर्थिक आधार पर छात्रवृत्ति

नए नियमों में छात्रों को आर्थिक सहायता देने का प्रावधान भी किया गया है। इसके तहत निजी विश्वविद्यालयों को अपनी कुल छात्र संख्या के कम से कम 10 प्रतिशत विद्यार्थियों को मेरिट और आर्थिक स्थिति के आधार पर छात्रवृत्ति देनी होगी।

इसका उद्देश्य ऐसे मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक परेशानी के कारण निजी विश्वविद्यालयों की फीस वहन नहीं कर सकते। इसके अलावा, निजी विश्वविद्यालयों को गैर-लाभकारी आधार पर संचालित करने और निर्धारित शैक्षणिक मानकों का पालन करने की शर्तें भी पूरी करनी होंगी।

निजी विश्वविद्यालयों पर निगरानी के लिए बनेगा नियामक प्राधिकरण

नए नियमों के तहत जम्मू-कश्मीर प्राइवेट यूनिवर्सिटीज रेगुलेटरी अथॉरिटी का गठन किया जाएगा। यह प्राधिकरण निजी विश्वविद्यालयों के कामकाज पर नजर रखेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि संस्थान निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित हों।

प्राधिकरण के दायरे में दाखिला प्रक्रिया, फीस, परीक्षाएं, आंतरिक मूल्यांकन, परिणाम और शैक्षणिक गुणवत्ता की निगरानी शामिल होगी। विश्वविद्यालयों को जरूरी भवन, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, अन्य सुविधाएं और योग्य शिक्षकों से जुड़े निर्धारित मानकों को भी पूरा करना होगा।

नियमों का उल्लंघन करने वाले विश्वविद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है। इसमें दाखिले में अनियमितता, निर्धारित सीमा से अधिक फीस वसूलना, अमान्य डिग्री जारी करना, जरूरी बुनियादी सुविधाओं की कमी और शिक्षकों की संख्या या योग्यता से जुड़ी गड़बड़ियां शामिल हैं।

स्थानीय युवाओं के लिए कितना फायदेमंद होगा यह फैसला?

जम्मू-कश्मीर में निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना से उच्च शिक्षा के नए विकल्प तैयार हो सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने का अवसर मिल सकता है। साथ ही, स्थानीय युवाओं को विश्वविद्यालयों में शिक्षण और प्रशासनिक नौकरियों के अवसर भी मिलेंगे।

हालांकि, इस फैसले का वास्तविक लाभ इस बात पर निर्भर करेगा कि कितने नए निजी विश्वविद्यालय स्थापित होते हैं, उनमें कौन-कौन से कोर्स शुरू किए जाते हैं और आरक्षण तथा छात्रवृत्ति के नियमों को कितनी प्रभावी तरीके से लागू किया जाता है।

कुल मिलाकर, जम्मू-कश्मीर प्राइवेट यूनिवर्सिटी रूल्स 2026 उच्च शिक्षा में निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और स्थानीय विद्यार्थियों तथा नौकरी तलाश रहे युवाओं के हितों की रक्षा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Raish Ahmed

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed