Edinbox Hindi

डिजिटली एक्टिव होंगे उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालय 

उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के परिषदीय विद्यालयों को डिजिटली एक्टिव करने की अपनी मुहिम को आगे बढ़ाने जा रही है। इस क्रम में प्रदेश भर के परिषदीय स्कूलों के सभी 12 तरह के रजिस्टर्स को डिजिटल किए जाने के साथ ही शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति भी डिजिटल मार्क किए जाने के निर्देश जारी किये गए हैं। इसके अंतर्गत छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों को भी टैबलेट पर फेस रिकग्निशन सिस्टम (चेहरा दिखाकर) से उपस्थिति दर्ज करानी होगी। 15 जुलाई से यह प्रक्रिया पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि योगी सरकार बीते काफी समय से परिषदीय स्कूलों में सभी तरह के कार्यों को डिजिटली किए जाने पर जोर दे रही है। इसी के तहत इन स्कूलों के सभी 12 तरह के रजिस्टर को डिजिटल किए जाने के लिए प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल मॉड्यूल तैयार किया गया है। यही नहीं, डिजिटल अटेंडेंस के लिए भी स्कूलों को टैबलेट और सिम प्रदान किए गए हैं। 

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह परिषदीय स्कूलों के सभी रजिस्टर डिजिटल माध्यम से ही भरवाएं। स्कूलों में उपस्थिति, प्रवेश, कक्षावार छात्र उपस्थिति, मिड डे मील, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण, स्टाक, आय-व्यस्क एवं चेक इश्यू, बैठक, निरीक्षण, पत्र व्यवहार, बाल गणना और पुस्तकालय एवं खेलकूद रजिस्टर को डिजिटल किया गया है। पंजिकाओं के सरलीकरण तथा टेक्नोलॉजी आधारित डिजिटल माध्यम से उपयोग के लिए प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर्स नाम से नया मॉड्यूल विकसित किया गया है। वर्तमान में उपयोग की जा रही भौतिक पंजिकाओं के अनुरूप ही पंजिकाओं का डिजिटल फॉर्मेट तैयार किया गया है। इसके अनुरूप अब सभी एंट्री डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ही अंकित की जाएंगी। 

12 डिजिटल रजिस्टर्स में टीचर अटेंडेंस रजिस्टर भी शामिल है। ऐसे में विद्यालय में कार्यरत समस्त अध्यापकों एवं कार्मिकों को प्रतिदिन अपनी उपस्थिति डिजिटली दर्ज करानी होगी। इसमें विद्यालय आगमन से लेकर जाने तक का समय अंकित किया जाएगा। निर्धारित समय के बाद उपस्थिति मान्य नहीं होगी। विभाग द्वारा परिषदीय प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों के शिक्षकों के उपयोग के लिए 2,09,863 टेबलेट्स उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए टेबलेट उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया जारी है। इन विद्यालयों में समस्त अध्यापकों एवं कार्मिकों द्वारा प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज कराए गए अपने मोबाइल नंबर/स्मार्टफोन से अपनी उपस्थिति प्रतिदिन अंकित की जाएगी। इसके बाद प्रधानाध्यापक द्वारा उपस्थिति प्रमाणित की जाएगी। टैबलेट व स्मार्टफोन को जियोफेंसिंग के माध्यम से पहचाना जाएगा तथा पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करते समय अध्यापक और प्रधानाध्यापक को विद्यालय परिसर में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। 

इसी तरह कक्षावार स्टूडेंट अटेंडेंस रजिस्टर पर अध्ययनरत समस्त छात्रों की प्रतिदिन हाजिरी लगाई जाएगी।इसके अतिरिक्त बच्चों के नामांकन के दौरान डिजिटल रजिस्ट्रेशन रजिस्टर में उनकी पूरी डिटेल दर्ज कराई जा सकेगी। इसमें छात्र का नाम, लिंग, जन्मतिथि, माता-पिता का विवरण, आधार संख्या आदि होगी। नामांकन करने पर सिस्टम द्वारा एक यूनिक पहचान संख्या प्रदान की जाएगी, जिसे प्रधानाध्यापक द्वारा डिजिटल रजिस्टर में अंकित किया जाएगा। छात्र की डिटेल को प्रेरणा पोर्टल/प्रेरणा डीबीटी एप के माध्यम से भरा या अपडेट किया जाएगा। अंतिम कक्षा उत्तीर्ण व अन्य विद्यालय के लिए स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी किए जाने का विवरण भी डिजिटल रजिस्ट्रेशन डिटेल्स रजिस्टर में अंकित होगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed