
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने यूजीसी-नेट 2024 (UGC NET 2024) परीक्षा की नई तारीखों का एलान कर दिया है। यूजीसी नेट परीक्षा 21 अगस्त से 4 सितंबर, 2024 के बीच में आयोजित की जाएंगी। वहीं सीएसआईआर नेट परीक्षा के लिए 25-27 जुलाई 2024 की तारीखें निर्धारित की गईं हैं। हालांकि एनटीए ने परीक्षा के प्रारूप में अब बदलाव कर दिया है। अब यह परीक्षा सीबीटी (कंप्यूटर आधारित परीक्षण) मोड पर आधारित रहेगी जो कि पहले पेन और पेपर प्रारूप में थी।
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय ने इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट से मिले इनपुट के आधार पर यूजीसी नेट परीक्षा 2024 को रद्द करने का फैसला किया था। इनपुट में परीक्षा में धांधली होने का दावा किया गया था। तब कहा गया था कि परीक्षा की नई तारीखों का एलान जल्द कर दिया जाएगा। अब इन परीक्षाओं की तारीखों का एलान कर दिया गया है। ये दोनों परीक्षाएं- यूजीसी नेट परीक्षा और सीएसआईआर नेट परीक्षा- भारतीय विश्वविद्यालय और अनुसंधान संस्थान में लेक्चरशिप और रिसर्च फेलोशिप चाहने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
शिक्षा मंत्रालय ने यूजीसी नेट परीक्षा 2024 को रद्द करने के बाद बयान में कहा था कि ‘परीक्षा प्रक्रिया की सर्वोच्च स्तर की पारदर्शिता और पवित्रता बनाए रखने के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने यह फैसला किया है। नई परीक्षा कराई जाएगी और उसकी जानकारी जल्द साझा कर दी जाएगी। मामले की व्यापक जांच सीबीआई करेगी।’ यूजीसी-नेट परीक्षा, असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए देना जरूरी है।




Add comment