Edinbox Hindi

नीट पेपर लीक मामले में स्कूल प्रिंसिपल समेत तीन गिरफ्तार, झारखंड में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

सीबीआई ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में झारखंड के हजारीबाग में एक स्कूल के प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए ओएसिस स्कूल के प्रधानाचार्य एहसान उल हक को 5 मई को आयोजित नीट-यूजी के लिए हजारीबाग शहर का संयोजक बनाया गया था। उप प्रधानाचार्य इम्तियाज आलम को एनटीए के पर्यवेक्षक और ओएसिस स्कूल में बनाए गए नीट सेंटर के संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन दोनों के अलावा सीबीआई ने एक पत्रकार जमालुद्दीन को भी गिरफ्तार किया है। 

सीबीआई ने शुक्रवार को दिनभर पूछताछ के बाद इन्हें गिरफ्तार किया और शाम में पटना लेकर आई। एहसान उल हक को टीम स्कूल के उनके कार्यालय में भी लेकर गई जहां करीब 2 घंटे तक जांच की गई। एहसान उल हक और इम्तियाज आलम इस मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध ईकाई (ईओयू) की जांच के दायरे में भी थे। ईओयू ने अपनी जांच के दौरान पाया था कि नीट यूजी के प्रश्नपत्र हजारीबाग के ओएसिस स्कूल से ही पेपरलीक गिरोह के सरगना संजीव मुखिया को मिले थे।

सीबीआई ने पिछले चार दिनों के दौरान ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक और वाइस प्रिंसिपल मो. इम्तियाज सहित हजारीबाग में एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। बताया जा रहा है कि सीबीआई टीम को हजारीबाग में पेपर लीक के पुख्ता सबूत मिले हैं। एजेंसी ने उन बक्सों को भी जब्त किया है, जिनमें प्रश्न पत्र हजारीबाग पहुंचे थे। हजारीबाग में प्रश्न पत्र कूरियर कंपनी के एक रिमोट एरिया स्थित सेंटर पर पहुंचे थे और इसके बाद प्रश्न पत्रों के ट्रंक बैंक तक ई-रिक्शा से पहुंचाए गए थे। बैंक में भी प्रश्न पत्रों को रिसीव करने से लेकर उनके रखरखाव में लापरवाही की बात सामने आई है।

झारखण्ड से उपरोक्त गिरफ्तारी से एक दिन पहले सीबीआई ने नीट-यूजी में गड़बड़ियों के सिलसिले में पटना से पहली गिरफ्तारी की थी। जांच एजेंसी ने मनीष और आशुतोष को अरेस्ट किया था। वहीं, सीबीआई ने नीट-यूजी मामले में गुजरात के पंचमहाल जिले के गोधरा में पुलिस की ओर से पकड़े गए पांच लोगों में से चार की रिमांड स्थानीय कोर्ट से मांगी है। 

सीबीआई के वकील ध्रुव मलिक ने जिला कोर्ट को सूचित किया कि हालांकि स्थानीय पुलिस पहले जांच कर रही थी लेकिन अब केंद्रीय एजेंसी को इनके रिमांड की जरूरत है। एजेंसी मामले में नए सिरे से जांच कर रही है। सीबीआई ने जय जालाराम स्कूल के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम शर्मा, शिक्षक तुषार भट्ट, दलाल विभोर आनंद और आरिफ वोहरा की रिमांड मांगी है। पांचवें शख्स शिक्षा सलाहकार परशुराम राय की रिमांड नहीं मांगी गई है। पांचों अभी गोधरा जेल में हैं। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed