
साउथ की फिल्मों के सुपरस्टार और अब राजनीति में सक्रिय दलपति विजय ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट ( NEET) को लेकर बेहद गंभीर टिप्पणी की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा है कि लोगों का भरोसा अब इस परीक्षा से उठ गया है। साथ ही उन्होंने इस परीक्षा से छुटकारा ही इसका समाधान बताया है।
पार्टी के एक कार्यक्रम में भी बोलते हुए टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय ने कहा, ‘लोगों का NEET परीक्षा पर से भरोसा उठ गया है। देश को NEET की जरूरत नहीं है। NEET से छूट ही इसका एकमात्र समाधान है। मैं राज्य विधानसभा में NEET के खिलाफ पारित प्रस्ताव का तहे दिल से स्वागत करता हूं। मैं केंद्र सरकार से तमिलनाडु के लोगों की भावनाओं का सम्मान करने का अनुरोध करता हूं। शिक्षा को समवर्ती सूची से राज्य सूची में लाया जाना चाहिए।’
उन्होंने यह भी कहा कि अंतरिम समाधान के तौर पर भारतीय संविधान में संशोधन करके ‘विशेष समवर्ती सूची’ बनाई जानी चाहिए और शिक्षा और स्वास्थ्य को इसके अंतर्गत जोड़ा जाना चाहिए। विजय दक्षिण की फिल्मों के जाने माने अभिनेता हैं। उन्होंने बाल कलाकार के रूप में तमिल फिल्म वेत्री (1984) से अपने अभिनय की पारी शुरू की थी। बतौर अभिनेता भी उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है।




Add comment