Edinbox Hindi

असम गैंगरेप के आरोपी की भागने की कोशिश में तालाब में कूदने से मौत, सुबह 4 बजे क्राइम सीन पर ले जा रही थी पुलिस

असम के नागांव जिले के धींग गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस आज सुबह 4 बजे आरोपी को क्राइम सीन रिक्रएट करने के लिए अपराध स्थल पर ले जा रही थी। इस दौरान उसने तालाब में कूदकर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसी प्रयास में तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। 2 घंटे तक चले गहन बचाव अभियान के बाद आरोपी का शव बरामद कर लिया गया। 

पुलिस के मुताबिक, इस्लाम ने आज सुबह 4 बजे जांच के दौरान क्राइम सीन के नजदीक तालाब में कूदकर पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। उसके डूबने की आशंका के चलते पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। दो घंटे बाद बचाव दल ने इस्लाम का शव पानी से बरामद किया। 

बता दें कि गहन जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को ही इस्लाम को गिरफ्तार किया था। उसकी पहचान गैंगरेप में शामिल तीसरे आरोपी के रूप में हुई थी। दूसरी ओर, इस कृत्य में शामिल दो अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।

गैंगरेप के आरोपी की मौत पर नागांव एसपी स्वप्ननील डेका ने कहा, ‘उससे पूछताछ करने और अपराध स्थल पर ले जाने के बाद, उसने हमारी हिरासत से भागने का प्रयास किया। भागने की कोशिश करते समय, वह एक तालाब में गिर गया। हमने इलाके की घेराबंदी की और तुरंत एसडीआरएफ को बुलाया। तलाशी के बाद, हमने उसका शव बरामद किया। भागने की कोशिश के दौरान हमारा एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया। हम अभी भी दो आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।’

गौरतलब है कि असम के नागांव जिले में 14 साल की लड़की के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप किया था, जब गुरुवार शाम वह ट्यूशन से घर लौट रही थी। बच्ची बेहोशी की हालत में बाद में सड़क के किनारे मिली थी। इस घटना को लेकर राज्य में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए थे। शुक्रवार को घटना के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए थे। स्टूडेंट यूनियन ने आज बंद का आह्वान भी किया था।  

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed