
ओडिशा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे के मद्देनजर 17 सितंबर को भुवनेश्वर नगर निगम (BMC) क्षेत्र के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। 17 सितंबर को पीएम मोदी ओडिशा में होंगे, जहां वह भुवनेश्वर में ओडिशा सरकार की प्रमुख योजना ‘सुभद्रा’ का शुभारंभ करेंगे।
ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, “भुवनेश्वर महानगर क्षेत्र के सभी स्कूल और कॉलेजों में 17 सितंबर को पूर्ण अवकाश रहेगा। पीएम मोदी 17 सितंबर को भुवनेश्वर में सुभद्रा योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए भुवनेश्वर में एक विशाल जनसभा होगी। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर भुवनेश्वर के जनता मैदान को ‘नो फ्लाइंग जोन’ और ‘नो ड्रोन जोन’ घोषित किया है।
इसे देखते हुए, राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि उस दिन भुवनेश्वर के सभी स्कूल और कॉलेज पूरी तरह से बंद रहेंगे और सरकारी कार्यालय दिन के पहले भाग में बंद रहेंगे। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य की राजधानी में राजस्व एवं मजिस्ट्रेट अदालतों सहित सभी सरकारी कार्यालय 17 सितंबर को शुरुआती आधी पाली में बंद रहेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, ‘सुभद्रा’ योजना सबसे बड़ी, एकल महिला-केंद्रित योजना है और इसके तहत 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को शामिल किए जाने की उम्मीद है। इस योजना के तहत, 21-60 वर्ष की आयु के सभी पात्र लाभार्थियों को 2024-25 से 2028-29 के बीच 5 वर्षों की अवधि में 50,000 रुपये मिलेंगे।




Add comment