
बिहार में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। दशहरा के बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू की जाएगी। शिक्षक प्रमाणपत्रों की गहराई से जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि शिक्षकों की काउंसलिंग के बाद उनके प्रमाणपत्रों की गहराई से जांच होगी। अगर किसी भी शिक्षक के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई जाती है तो उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया बेहद सख्त और पारदर्शी होगी, ताकि किसी भी दोषी को बचने का मौका न मिले।
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि निगरानी विभाग इस मामले की जांच कर रहा है और कई मामलों में कार्रवाई भी हो चुकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नैसर्गिक न्याय के तहत कुछ शिक्षकों को राहत मिली है, लेकिन दोषी पाए जाने पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
सुनील कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग ने फर्जी नियुक्तियों को रोकने के लिए कड़ी प्रक्रिया बनाई है। निगरानी विभाग की रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए गए शिक्षकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिन शिक्षकों ने गलत तरीके से नौकरी हासिल की है, उन्हें अपनी नौकरी गंवानी पड़ सकती है।
शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य के शिक्षकों को साल में दो बार ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर माहौल बनाने के लिए होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है ताकि राज्य के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।




Add comment