Edinbox Hindi

NMMSS छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 31 तक करें पंजीकरण

शिक्षा मंत्रालय ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर आवेदन करने के लिए छात्रों को एक और अवसर देते हुए समय सीमा को 31 अक्तूबर तक बढ़ा दिया है। यानी अब पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर, 2024 तक बढ़ा दी गई है। इच्छुक और पात्र छात्र आधिकारिक वेबसाइट scholarships.gov.in/student. पर जाकर आवेदन पत्र भरकर जमा कर सकते हैं।

एनएसपी पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदनों का सत्यापन दो स्तरों पर किया जाता है। पहला स्तर (L1) संस्थान नोडल अधिकारी (INO) द्वारा किया जाता है, जबकि दूसरा स्तर (L2) जिला नोडल अधिकारी (DNO) द्वारा किया जाता है। आईएनओ सत्यापन (L1) की अंतिम तिथि 15 नवंबर, 2024 है, और डीएनओ सत्यापन (L2) की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2024 है।

यह योजना राज्य/संघ राज्य क्षेत्र सरकारों द्वारा आयोजित योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कक्षा 9वीं के छात्रों के लिए हर साल एक लाख नई छात्रवृत्ति प्रदान करती है। छात्र के शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर कक्षा 10वीं से 12वीं के लिए छात्रवृत्ति नवीनीकरण के माध्यम से जारी रहती है।

यह योजना केवल राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय स्कूलों के छात्रों के लिए लागू है। छात्रवृत्ति राशि प्रति छात्र प्रति वर्ष 12,000 रुपये है।

राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से क्रियान्वित किया जाता है, जो सरकारी छात्रवृत्तियों के लिए एक केंद्रीकृत मंच है। 15 अक्तूबर, 2024 तक कुल 84,606 नए आवेदन और 1,58,312 नवीनीकरण आवेदन जमा किए गए हैं।

एनएमएमएसएस के तहत छात्रवृत्तियां प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) मोड का उपयोग करके सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से चयनित छात्रों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाती हैं। पात्र होने के लिए, छात्रों के माता-पिता की आय प्रति वर्ष 3.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और कक्षा VII की परीक्षा में कम से कम 55% अंक (या समकक्ष ग्रेड) प्राप्त करने चाहिए, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए 5% छूट लागू है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed