Edinbox Hindi

सिंगापुर के PM से मिले धर्मेंद्र प्रधान, स्कूली शिक्षा और रिसर्च में सहयोग पर चर्चा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सिंगापुर के प्रधान मंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की और स्कूली शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अनुसंधान में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। मुलाकात ‘प्रतिभा, संसाधन और बाजार’ के माध्यम से साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित थी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस बात पर जोर दिया कि भारत सिंगापुर को एक विश्वसनीय ज्ञान भागीदार के रूप में देखता है, विशेष रूप से गहरी तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने में। 
प्रधान ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री वोंग ने महत्वपूर्ण और उभरते क्षेत्रों में सहयोग सहित भारत-सिंगापुर सहयोग को व्यापक साझेदारी में बढ़ाने के लिए एक मजबूत ढांचे की रूपरेखा तैयार की है। 

शिक्षा मंत्री प्रधान ने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात की और शिक्षा क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए प्रधान ने लिखा, “हम दोनों भारत-सिंगापुर ज्ञान साझेदारी को और मजबूत करने और शिक्षा में हमारे बहुमुखी द्विपक्षीय सहयोग को अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए।”

अपने सात दिनों के दौरे के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने समकक्ष शिक्षा मंत्री चान चुआन सिंग से भी मुलाकात की। धर्मेंद्र प्रधान ने चान चुआन सिंग के साथ चर्चा में भारत की शिक्षा प्रणाली के अंतरराष्ट्रीयकरण को सुविधाजनक बनाने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के महत्व को रेखांकित किय। दोनों मंत्रियों ने विदेश में ‘इंटर्नशिप’ कार्यक्रमों पर चर्चा की ताकि भारतीय छात्रों को सिंगापुर की कंपनियों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की सहूलियत मिल सके। 

प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि मंत्री चान और मैने नेशनल इंस्टीट्यूशन ऑफ एजुकेशन सिंगापुर और एनसीईआरटी के बीच साझेदारी के माध्यम से पाठ्यक्रम विकास, शिक्षाशास्त्र औऱ हमारे शिक्षकों की क्षमता निर्माण में सहयोग की खोज की। हमने भारतीय और सिंगापुर कंपनियों में अपने छात्रों के लिए विदेशी इंटर्नशिप के अवसरों की संभावना पर चर्चा की। हमने अपने स्कूलों और विश्वविद्यालयों को जोड़कर अकादमिक और अनुसंधान सहयोग पर भी विचार साझा किए। मैंने शिक्षा में हमारे पारस्परिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए मंत्री चान को भारत आने का भी निमंत्रण दिया। 

धर्मेंद्र प्रधान की सिंगापुर यात्रा और वहां के मंत्री से मुलाकात सिंगापुर औऱ आस्ट्रेलिया के साथ शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती लाने के लिए एक हफ्ते के दौरे का हिस्सा है। बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 20 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर हैं.

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed