Edinbox Hindi

जामिया में दिवाली मनाने पर बवाल, छात्रों के दो गुट भिड़े; फिलिस्तीन जिंदाबाद के नारे लगाने का आरोप

जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी में कुछ छात्रों द्वारा दिवाली मनाने का विरोध करने से बवाल खड़ा हो गया। दरअसल, दिवाली के मौके पर मंगलवार शाम को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कला मंच ने जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी परिसर में  ‘ज्योतिर्मय 2024’ कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसके तहत संगीत, रंगोली प्रतियोगिता और हजारों दीये जलाने वाले कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। छात्र विश्वविद्यालय परिसर में ही दिवाली मना रहे थे। लेकिन जब छात्र दिवाली मना रहे थे, उसी समय बाहर से आए कुछ लोगों ने छात्रों के दिवाली मनाने का विरोध किया। आरोप है कि बाहर से आए लोगों ने गाड़ी चढ़ाकर दिवाली के दिए तोड़ दिए और रंगोली को खराब कर दिया। इस दौरान कुछ लोग ‘फिलिस्तीन जिंदाबाद’ के नारे भी लगा रहे थे।  इसके बाद दो गुटों में छात्र बंट गए और आरोप है कि मारपीट हुई। 

जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने बताया कि यूनिवर्सिटी दिवाली के अवकाश के लिए बंद हो रही थी। छात्रों के जाने से पहले लोगों ने दिवाली मनाने का निर्णय किया था। इसी क्रम में आज यूनिवर्सिटी परिसर में दिवाली मनाई जा रही थी। यूनिवर्सिटी के गेट नंबर सात के पास गुलिस्तान-ए-गालिब में दिवाली कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुमति ली गई थी और इस कार्यक्रम में कुछ प्रोफेसरों को आमंत्रित भी किया गया था। 

छात्र ने बताया कि उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में एक हजार दीपक जलाया था। इसमें कई मुस्लिम छात्रों-छात्राओं ने भी सहयोग किया था। विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर ने ही दीपक जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की थी। दीपक जलाने के बाद परिसर में मिठाई बांटी गई और सब कुछ बेहद शांतिपूर्वक चल रहा था। लेकिन शाम लगभग 6:30 बजे जामिया में पढ़ने वाले कुछ छात्र और बाहर से आए कुछ लोगों ने कार्यक्रम के बीच आकर हंगामा खड़ा करना शुरू कर दिया। पहले उन्होंने पैरों से मारकर दीपक तोड़ दिए और रंगोली खराब कर दी, इसके बाद दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल एक वर्ग विशेष की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की गई। छात्रों का आरोप है कि बाहर से आए छात्रों ने एक वर्ग विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। छात्रों के द्वारा दीपक तोड़ने का विरोध करने पर कुछ छात्रों की पिटाई भी की किए जाने का आरोप है। 

मामला बिगड़ते देख स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने कार्रवाई की और विवादित लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया। घटना में कुछ छात्रों को चोट आई है। दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि दिवाली को लेकर जामिया यूनिवर्सिटी के अंदर छात्रों में झड़प हुई है। छात्रों को तितर बितर कर दिया गया था। उन्होंने बताया के मंगलवार देर रात तक पुलिस को ना तो कोई शिकायत मिली है और ना ही कोई एमएलसी मिली है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed