
दिल्ली के एक स्कूल की दीवार पर खालिस्तान समर्थित नारे लिखने का मामला सामने आया है। सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) से जुड़े खालिस्तान समर्थकों ने इसे अंजाम दिया। हरी नगर थाना क्षेत्र में एक स्कूल की दीवार पर उन्होंने खालिस्तान समर्थित नारे लिख दिए। इतना ही नहीं, इसका वीडियो भी विदेश में बैठे खालिस्तानी आका को भेजा। फिलहाल, पश्चिमी जिले की हरी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जनवरी में पहली बार दिल्ली में खालिस्तानी समर्थित नारे लिखे गए थे। इसके बाद जी-20 के दौरान सात-आठ जगहों पर नारे लिखे गए। अब हरी नगर सतगुरु राम सिंह मार्ग पर टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दीवार पर स्प्रे से खालिस्तान समर्थित नारे लिख दिए गए। दिल्ली पुलिस की विशेष प्रकोष्ठ (स्पेशल सेल) भी मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-14 के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के सामने बेम धमाका हुआ था। इस सीआरपीएफ स्कूल में पैरा मिलिट्री जवानों के हजारों बच्चे पढ़ते हैं। इस बम ब्लास्ट में भी खालिस्तान समर्थकों का हाथ होने का इशारा किया गया है।




Add comment