Edinbox Hindi

रतलाम में 3 बच्चों की पिटाई कर युवक ने लगवाया ‘जय श्रीराम’ का नारा, वीडियो वायरल होने पर FIR

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रतलाम (Ratlam) से चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां तीन बच्चों को अल्लाह कहने पर थप्पड़ पर थप्पड़ मारे गए। बताया जा रहा है कि लड़के ने बच्चों को जय श्री राम कहने के लिए कहा और वह तब तक उन्हें मारता रहा जब तक उन्होंने जय श्री राम नहीं कहा। बच्चे रोते बिलखते रहे लेकिन लड़का नहीं रुका। जब थप्पड़ मारने पर भी उसका दिल नहीं भरा तो वह बच्चों को चप्पल उतारकर मारने लगा।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक विशेष समुदाय के तीन बच्चों को थप्पड़ और चप्पल से पीटते हुए उनसे ‘जय श्री राम’ बुलवा रहा है। वीडियो में तीनों बच्चे रोते-चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं।  वायरल वीडियो कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है। 

वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में विशेष समुदाय के लोगों ने माणक चौक थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने विशेष समुदाय के लोगों की शिकायत पर वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। 

एक मुस्लिम नेता ने बताया कि “गुरुवार शाम उनके पास एक वीडियो आया था, जिसमें मुस्लिम समाज के तीन बच्चे जिनकी उम्र 6, 11 और 16 साल है। उनके साथ अमृत सागर बगीचा क्षेत्र में एक युवक यह कहकर पिटाई कर रहा है कि वो सिगरेट पी रहे हैं। इसके बाद बच्चों को कई थप्पड़ मारे। इसी बीच जब एक बच्चे के मुंह से जब अल्लाह निकला तो चप्पल से पीटते हुए उसने बच्चों से ‘जय श्रीराम’ के नारे लगवाए।  जिन बच्चों की पिटाई की गई है, उनमें से एक बच्चे के मां-बाप की मौत हो गई है।”

रतलाम के एडिशनल एसपी राजेश खाखा ने बताया कि बच्चों के साथ मारपीट करने संबंधी वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो लगभग एक से डेढ़ माह पुराना बताया जाता है। इस संबंध में आरोपित की तलाश में साइबर टीम को लगाया गया है। विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत लेकर समुदाय विशेष के लोग उनके पास पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed