
मध्य प्रदेश के 12वीं कक्षा के टॉपर्स के लिए एक शानदार खबर आई है। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि 21 फरवरी को राज्य सरकार उन सभी विद्यार्थियों को लगभग 25,000 रुपये के लैपटॉप प्रदान करेगी जिन्होंने 12वीं कक्षा पास कर अपने-अपने सरकारी स्कूलों की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है, और यह प्रयास यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जारी है।
इसके पहले, मुख्यमंत्री ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल के शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा 12वीं के प्रत्येक संकाय से लगभग 7900 टॉपर छात्रों को स्कूटी देने का वादा पूरा किया था। उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया था, जिसमें लिखा था, “हर बच्चा शिक्षित हो; शिक्षा में समय, दूरियां एवं आवागमन के साधन का अभाव बाधा न बने और स्वर्णिम भविष्य की राह सुगम हो; इस संकल्प पूर्ति के लिए हम निरंतर कार्यरत हैं। प्यारे विद्यार्थियों! आप खूब पढ़ें और विकसित मध्यप्रदेश गढ़ें; आप सभी को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”
इसके अलावा, मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 2025 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। कैंडिडेट्स संबंधित स्कूलों से अपने एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इस साल मध्य प्रदेश में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 25 फरवरी से और कक्षा 10वीं की परीक्षा 27 फरवरी से शुरू हो रही है।




Add comment