
सीबीएसई का रिजल्ट आने के बाद उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दसवीं कक्षा के छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 16 वर्षीय अक्षत के रूप में हुई है, जो मॉडल टाउन के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ता था और मेडिकल की तैयारी कर रहा था।
मंगलवार को आए परीक्षा परिणाम में अक्षत को 83 प्रतिशत अंक मिले थे, जो उसकी उम्मीद से कम थे। रिजल्ट के बाद से ही वह काफी निराश था। परिजनों के अनुसार, उन्होंने उस पर कभी पढ़ाई का दबाव नहीं डाला। अक्षत बुराड़ी के एक इंस्टीट्यूट में कोचिंग करता था। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उसने अपनी मां से कहा कि वह कोचिंग जा रहा है, लेकिन वह घर की छत पर बने स्टोर रूम में चला गया और वहां चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शाम करीब 4:30 बजे उसकी मां ने जब उसे कॉल किया तो फोन नहीं उठा। कोचिंग और वैन ड्राइवर से बात करने के बाद जब पता चला कि वह कोचिंग नहीं पहुंचा, तो मां को शक हुआ। उन्होंने जब छत की ओर रुख किया तो पाया कि स्टोर रूम की कुंडी अंदर से बंद है। पड़ोसी की छत से जाकर देखा तो अक्षत को फंदे से लटका पाया गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना बुराड़ी के सरकारी अस्पताल से पुलिस को दी गई। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अक्षत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। पिता भुवनेश कुमार पालीवाल एक निजी लैब में जनरल मैनेजर हैं, जबकि मां नगर निगम स्कूल में शिक्षिका हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।




Add comment