Edinbox Hindi

डीयू में शुरू हुआ डॉ. भीमराव आंबेडकर लॉ इंटर्नशिप कार्यक्रम, न्याय प्रणाली की जमीनी हकीकत समझेंगे छात्र

दिल्ली विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और लॉ फैकल्टी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. भीमराव आंबेडकर लॉ इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन डीयू के उमंग भवन स्थित मूट कोर्ट हॉल में हुआ, जिसमें देशभर से कई प्रमुख कानूनी विशेषज्ञों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों और बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के सहयोग से किया गया।

इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को व्यावहारिक कानूनी प्रशिक्षण देना है, साथ ही उन्हें संविधान, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण जैसे मूलभूत विषयों के प्रति जागरूक और प्रतिबद्ध बनाना है।

200 से अधिक छात्र होंगे प्रशिक्षित
कार्यक्रम के अंतर्गत डीयू के विधि संकाय के 200 से अधिक छात्रों को देश के जिला न्यायालयों और उच्च न्यायालयों में कार्यरत अनुभवी अधिवक्ताओं के अधीन प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को भारतीय न्याय प्रणाली की कार्यप्रणाली और जमीनी चुनौतियों को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

संविधान और समाज के प्रति जिम्मेदारी सिखाने वाला मंच
डीयू छात्र संघ (DUSU) की सचिव मित्रविंदा कर्णवाल ने कहा कि, “यह इंटर्नशिप न केवल छात्रों के कानूनी कौशल को मजबूत करेगी, बल्कि उन्हें संवैधानिक मूल्यों का सच्चा संरक्षक भी बनाएगी।” कार्यक्रम के संयोजक हर्ष गुप्ता ने कहा कि, “यह केवल एक इंटर्नशिप नहीं, बल्कि यह छात्रों को संविधान और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझाने वाला एक वैचारिक और व्यावहारिक मंच है।”

कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
इस अवसर पर श्रीहरि बोरीकर (क्षेत्रीय संगठन मंत्री, अधिवक्ता परिषद), संजय पोद्दार (वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अध्यक्ष, अधिवक्ता परिषद दिल्ली), और डीयू छात्र संघ की सचिव मित्रविंदा कर्णवाल भी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए दृष्टिकोण बदलने वाला अनुभव बताया।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed