
राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने विभिन्न विभागों में कुल 12,121 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती अभियान राज्य सरकार के महत्वपूर्ण विभागों जैसे कृषि, पशुपालन, गृह, स्कूल शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभागों के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।
RPSC की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर इन पदों का विस्तृत विवरण और आवेदन प्रक्रिया उपलब्ध है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले पात्रता और निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
इन भर्तियों के तहत कृषि विभाग में सहायक कृषि अभियंता के 281 पद, पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के 1100 पद, गृह विभाग में उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के 1015 पद, स्कूल शिक्षा विभाग में प्राध्यापक और कोच के 3225 पद और माध्यमिक शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अध्यापक के लिए 6500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
इन भर्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अलग-अलग तारीखों से शुरू होगी. सहायक कृषि अभियंता पदों के लिए आवेदन 28 जुलाई से 26 अगस्त, पशु चिकित्सा अधिकारी पदों के लिए 5 अगस्त से 3 सितंबर, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर पदों के लिए 10 अगस्त से 8 सितंबर, प्राध्यापक और कोच के लिए 14 अगस्त से 12 सितंबर, जबकि वरिष्ठ अध्यापक पदों के लिए आवेदन 19 अगस्त से 17 सितंबर तक किए जा सकेंगे.
RPSC के सचिव ने बताया कि ये सभी भर्तियां संबंधित विभागों की मांग के अनुसार की जा रही हैं। उम्मीदवारों से आग्रह किया गया है कि वे केवल उन्हीं पदों के लिए आवेदन करें जिनके लिए वे शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य सभी पात्रता मानदंड को पूरा करते हैं।
वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक आयोग ने 9 बड़ी भर्तियों के विज्ञापन जारी किए हैं, जिनमें व्याख्याता, डिप्टी कमांडेंट, जूनियर केमिस्ट, और सहायक विद्युत निरीक्षक जैसे पद शामिल हैं। इन पदों पर पहले ही हजारों उम्मीदवार आवेदन कर चुके हैं।
सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। समय रहते आवेदन करें और चयन प्रक्रिया की तैयारी शुरू करें।




Add comment