
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बड़ी घोषणा करते हुए राज्य के सरकारी स्कूलों में 1.2 लाख शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। यह बहाली शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) के तहत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने क्या कहा?
नीतीश कुमार ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि सरकारी विद्यालयों में रिक्त पदों की तत्काल गणना की जाए और TRE-4 परीक्षा के जरिए शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए। राज्य सरकार यह पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि शिक्षकों की नियुक्तियों में महिलाओं को दिए जाने वाले 35% आरक्षण का लाभ केवल बिहार की निवासी महिलाओं को ही मिलेगा।”
बिहार को शिक्षकों की भारी जरूरत
राज्य में करीब 5.5 लाख शिक्षकों की आवश्यकता है। ऐसे में यह भर्ती अभियान न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि चुनावी माहौल में सत्तारूढ़ सरकार के लिए राजनीतिक रूप से भी फायदेमंद साबित हो सकता है। इस बहाली के तहत प्राथमिक (कक्षा I-V), मध्य (VI-VIII), माध्यमिक (IX-X) और उच्च माध्यमिक (XI-XII) स्तरों पर शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी।
TRE के पिछले चरणों का विवरण
TRE-1: लगभग 1.70 लाख शिक्षकों की नियुक्ति हुई।
TRE-2: 70,000 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
TRE-3: 87,774 पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया, जिनमें से 66,603 पदों पर बहाली पूरी हुई; बाकी पद रिक्त रह गए।
अब TRE-4 के तहत चौथे चरण की नियुक्ति प्रक्रिया की शुरुआत होने जा रही है।
महत्वपूर्ण बातें
– भर्ती की विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना है।
– अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण नीति, और पात्रता से जुड़ी सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक पढ़ें।
– महिला अभ्यर्थियों के लिए 35% आरक्षण की व्यवस्था यथावत है, लेकिन इसका लाभ केवल बिहार की मूल निवासी महिलाओं को मिलेगा।
– यह बहाली अभियान न केवल राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त करेगा, बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर भी लेकर आएगा।




Add comment