
शिक्षा मंत्रालय ने 4 सितंबर 2025 को एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 जारी कर दी, जिसमें एक बार फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के कॉलेजों का दबदबा देखने को मिला। कॉलेज कैटेगरी में इस साल भी हिंदू कॉलेज ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मिरांडा हाउस दूसरे और हंस राज कॉलेज तीसरे नंबर पर रहे। इसके बाद किरोड़ीमल कॉलेज चौथे और सेंट स्टीफंस कॉलेज पांचवें स्थान पर रहा। यानी टॉप-5 की पूरी सूची दिल्ली यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेजों के नाम रही।
दिल्ली के बाद कोलकाता के राम कृष्ण मिशन विवेकानन्द सेंटेनरी कॉलेज छठे स्थान पर रहा, सातवें नंबर पर दिल्ली का आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज और आठवें नंबर पर कोलकाता का सेंट जेवियर्स कॉलेज शामिल हुआ। वहीं, तमिलनाडु के कोयंबटूर से भी दो संस्थानों ने टॉप-10 में जगह बनाई—पीएसजीआर कृष्णम्मल महिला कॉलेज नौवें और पीएसजी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस दसवें स्थान पर रहा।
गौरतलब है कि इस साल एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 कुल 17 कैटेगरी में जारी की गई है, जिनमें ओवरऑल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज, रिसर्च संस्थान, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, मेडिकल, डेंटल, लॉ, आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग, एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर, इनोवेशन, ओपन यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी, स्टेट पब्लिक यूनिवर्सिटी और सस्टेनेबिलिटी (SDG) शामिल हैं।




Add comment