Edinbox Hindi

‘जय श्री राम’ लिखकर परीक्षा पास करने के मामले में दो प्रोफेसर निलंबित, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी का मामला 

‘जय श्री राम’ लिखकर परीक्षा पास करने के मामले में कार्रवाई करते हुए जौनपुर में राजकीय वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया गया है। इन पर आरोप है कि गीत, संगीत और धार्मिक नारे लिखी उत्तर पुस्तिकाओं पर अंकों के बदले इन्होने छात्रों से कथित तौर पर पैसे वसूले थे। 

गौरतलब है कि हाल ही में ये खबर सामने आयी थी कि उत्तर प्रदेश के उक्त विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष के छात्रों ने उत्तर पुस्तिका में कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ और क्रिकेटरों के नाम लिखकर परीक्षा दी और पास कर दिए गए। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए फिलहाल प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया गया है।  

कुलपति वंदना सिंह ने कहा, “आरोप था कि छात्रों को अधिक अंक दिए गए हैं, इसलिए हमने एक समिति का गठन किया। उस समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि छात्रों को अधिक अंक दिए गए हैं। समिति ने शामिल शिक्षकों को बर्खास्त करने की सिफारिश की है। फिलहाल आदर्श आचार संहिता लागू है, लिहाजा चुनाव आचार संहिता हटने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” 

बता दें कि छात्र नेता दिव्यांशु सिंह ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और कुलपति को भेजे पत्र में आरोप लगाया था कि विश्वविद्यालय के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से शून्य अंक पाने वाले छात्रों को भी 60 प्रतिशत से अधिक अंक देकर पास कर दिया गया। राजभवन ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखकर मामले में सुनवाई के बाद कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षक डॉ. विनय वर्मा और मनीष गुप्ता को निलंबित कर दिया गया। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed