
AICTE Career portal Launch: अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) नौकरी और पेशेवर नेटवर्किंग मंच अपना.कॉम के साथ मिलकर करियर पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है। इस ‘एआईसीटीई करियर पोर्टल’ की शुरुआत 30 अप्रैल, 2024 को होगी। बताया गया है कि इस पोर्टल से 30 लाख से अधिक छात्रों को नौकरी एवं प्रशिक्षण (इंटर्नशिप) के अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
एक बयां में कहा गया है कि यह पोर्टल भारत और विदेश में नौकरी के अवसर, एआई रिज्यूम बनाना, वास्तविक समय पर सूचनाएं और सामुदायिक जुड़ाव जैसी सुविधाएं प्रदान करता है जो छात्रों को करियर योजना के लिए जरूरी उपकरणों के साथ सशक्त बनाता है। इसका लक्ष्य 12,000 से अधिक कॉलेज को उनके छात्रों को नौकरी प्रदान करने में सहायता प्रदान करना भी है।
एआईसीटीई के चेयरमैन टी जी सीताराम का कहना है, “यह गठजोड़ एक ऐसे गतिशील पारिस्थितिकी तंत्र के माध्यम से अग्रणी कंपनियों के साथ सार्थक जुड़ाव को भी बढ़ावा देता है, जो प्रतिभा का पोषण करता है और आर्थिक वृद्धि को गति देता है।” वहीं, अपना.कॉम के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी निर्मित पारिख ने कहा, “यह उद्यम नए स्नातकों और नौकरी चाहने वालों को करियर शुरू करने और अपनी पेशेवर आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक मंच प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।”




Add comment