
दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) के शैक्षणिक सत्र 2024-25 में तीन बीटेक प्रोग्राम (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) में दाखिले का इंतजार खत्म हो गया है। डीयू ने दो दिन के इंतजार के बाद शनिवार को इन कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को शुरू कर दिया है । दरअसल डीयू प्रशासन ने बीटेक की आवेदन प्रक्रिया बृहस्पतिवार को स्नातकोत्तर प्रोग्राम और पांच वर्षीय लॉ प्रोग्राम की आवेदन प्रक्रिया के साथ ही शुरू करने की घोषणा की थी। लेकिन तकनीकी कारणों से बीटेक प्रोग्राम की आवेदन प्रक्रिया शनिवार को शुरू की जा सकी।
आवेदक 25 मई तक पंजीकरण कर सकते हैं। दरअसल, डीयू को एनटीए से जेईई मेंस परीक्षा की ऑल इंडिया रैंक नहीं मिली थी जिसके कारण बीटेक की प्रक्रिया को शुरू नहीं किया जा सका था। अब चूंकि रैंक की जानकारी मिल गई है इसलिए पंजीकरण प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। पंजीकरण के लिए आवेदकों को जेईई मेन के ऐप्लिकेशन नंबर, नाम व जन्मतिथि को भरना होगा।
डीयू इन तीनों बीटेक प्रोग्राम में जेईई मेन 2024 की ऑल इंडिया कॉमन रैंक लिस्ट के माध्यम से दाखिले लेगा। आवेदकों को नॉन रिफंडेबल पंजीकरण कम आवंटन फीस का भुगतान करना होगा।
सामान्य, ओबीसी व ईडब्लयूएस वर्ग को पंजीकरण शुल्क के रूप में 150 रुपये व एससीए एसटी व पीडब्लयूडी वर्ग के आवेदकों को 1200 रुपये पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा।
छात्र को उसके द्वारा भरी गई वरीयताओं के आधार पर ही सीट का आवंटन किया जाएगा। मालूम हो कि प्रत्येक बीटेक प्रोग्राम की 120 सीट हैं। जो 2024 की बारहवीं की परीक्षा में उपस्थित हुए और उनकी कंपार्टमेंट आएगी वे बीटेक में वर्ष 2024-25 के लिए दाखिले के पात्र नहीं होंगे। डीयू ने छात्रों को बीटेक के दाखिले से संबंधित जानकारी व नीतियों के लिए बुलेटिन ऑफ इंर्फोमेशन देखने की सलाह दी है।




Add comment