Edinbox Hindi

मीडिया दिग्गज और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव का निधन 

Ramoji Rao Death :  मीडिया जगत की जानी-मानी हस्ती एवं रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का आज सुबह हैदराबाद स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया।  वे 88 वर्ष के थे। रामोजी समूह के चैनल ईटीवी तेलंगाना के अनुसार राव बीमार थे और पिछले कुछ दिनों से स्टार अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। यहीं आज सुबह तीन बजकर 45  मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर कार्यवाहक पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई लोगों ने दुख जताया है।

नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रामोजी राव गारू एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी। उनके समृद्ध योगदान ने पत्रकारिता और फिल्म जगत पर अमिट छाप छोड़ी है। अपने उल्लेखनीय प्रयासों से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार और उत्कृष्टता के नये मानक स्थापित किये। 

रामोजी राव का जन्म 16 नवंबर 1936 में हुआ था। उनका पूरा नाम चेरूकुरी रामोजी राव था। वो आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले के एक मध्यमवर्गीय कृषक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन अपनी प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत के कारण उन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया। रामोजी राव को भारत का रुपर्ट मर्डोक भी कहा जाता है। वे रामोजी ग्रुप के चेयरमैन थे, जिसमें दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी, मार्गदर्शी चिटफंड, ईनाडू तेलुगु अखबार, ईटीवी नेटवर्क, प्रिया फूड्स, डॉल्फिन हॉटल्स, उषा किरण मूवीज आदि शामिल हैं। 

रामोजी फिल्म सिटी हैदराबाद की स्थापना रामोजी ने 1996 में की थी। यह दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म शूटिंग स्टूडियो माना जाता है। रामोजी राव का स्टूडियो 2000 एकड़ से ज्यादा में फैला हुआ है और यहां 50 से ज्यादा शूटिंग फ्लोर हैं। कई फिल्मों की शूटिंग रामोजी राव के स्टूडियो में हुई है जिसमें बाहुबली समेत सूर्यवंशम, दिलवाले जैसी फ़िल्में शामिल हैं। रामोजी फिल्म सिटी न केवल एक फिल्मांकन केंद्र है, बल्कि एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल भी है, जिसने दुनिया भर से घूमने आने वाले लोगों को आकर्षित किया। रामोजी राव के निधन से पूरी मीडिया इंडस्ट्री समेत फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक हलकों में शोक है। 

रामोजी राव के निधन की खबर सुनकर टीडीपी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू भी दिल्ली से हैदराबाद रवाना हो गये। वे वहां रामोजी राव के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देंगे। तेलंगाना सरकार ने मीडिया दिग्गज और ईनाडु ग्रुप के चेयरमैन सीएच रामोजी राव का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का फैसला किया है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed